शिवगंज। जिला कलेक्टर सिरोही की पहल पर जिले को एनीमिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘रोशनी अभियान’ के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास (KGBV) शिवगंज में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अभियान का शुभारंभ 12 अगस्त 2026 को जिला कलेक्टर, सिरोही द्वारा किया गया है। बैठक में BCMO डॉ. कौशल ओहरी एवं महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर पुष्पा राव ने उपस्थित अधिकारि प्राचार्य हनवंत सिंह महेचा, हॉस्टल प्रभारी निधि सिंह डाबी,
छात्रावास स्टाफ संगीता एवं सहायिका कृष्णा को अभियान की रूपरेखा एवं कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में छात्रावासों में बालिकाओं के Hb स्तर एवं दैनिक दवा सेवन का रिकॉर्ड संधारित करने के लिए दो रजिस्टर रखने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई। सभी संबंधित कर्मचारियों को अभियान के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करने तथा बालिकाओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।बैठक का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए एनीमिया की पहचान, उपचार एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करना तथा ‘एनीमिया मुक्त सिरोही’ के लक्ष्य को साकार करने में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
