शिवगंज / राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में मीनू कुमारी, वरिष्ठ अध्यापक गणित के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं द्वारा भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह का आयोजन अत्यंत आत्मीय एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मीनू कुमारी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए भावपूर्ण एवं स्नेहपूर्ण विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने कहा कि गणित विषय को सरल एवं रोचक तरीके से समझाने के साथ-साथ मीनू मैडम ने सदैव उन्हें अनुशासन, परिश्रम एवं लगन के लिए प्रेरित किया। उनके स्थानांतरण से विद्यार्थियों में भावुकता का वातावरण रहा। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रिय शिक्षिका को स्नेह एवं सम्मान के प्रतीक स्वरूप विभिन्न उपहार भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप सिंह राठौड़ ने मीनू कुमारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि एक शिक्षक का विद्यार्थियों के जीवन पर गहरा प्रभाव होता है। विद्यार्थियों का अपनी शिक्षिका के प्रति यह स्नेह उनके समर्पित एवं उत्कृष्ट शिक्षण कार्य का प्रमाण है।

पूर्व छात्र लक्ष्मण परिहार का सम्मान
इसी अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव के पूर्व छात्र लक्ष्मण परिहार पुत्र श्री भेराराम जी, बड़गांव का भी सम्मान किया गया। लक्ष्मण परिहार का कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा (SSC-CGL) में चयन होकर GST इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति हुई है।
ग्रामीण क्षेत्र के स्थानीय विद्यालय में अध्ययन कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उच्च पद हासिल करना विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय है। विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से लक्ष्मण परिहार को समारोह में आमंत्रित कर साफा एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनकी उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के भरत कुमार त्रिवेदी, चिराग मोहम्मद, सुनीता सोनी, नरेंद्र कुमार परिहार, शिवलाल चौधरी, मीनू कुमारी, उर्मिला कुमारी, मंजू सोनीगरा, पूरन सिंह, फिरोज अली, खीमाराम मेघवाल, भंवरलाल, मुन्नी कुमारी, संजू शर्मा, पुष्पा माली, निर्मला, पायल सांखी, गिरधारी सिंह,संतोष सोनी, कैलाश कुमार, मोहनलाल, रिंकी मीणा एवं खुशबू कुमारी सहित समस्त विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण स्नेह, सम्मान, भावुकता एवं प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। एक ओर विद्यार्थियों ने अपनी आदरणीय शिक्षिका को भावपूर्ण विदाई दी, वहीं दूसरी ओर विद्यालय के पूर्व छात्र की राष्ट्रीय स्तर पर सफलता का सम्मान कर वर्तमान विद्यार्थियों को भी मेहनत एवं सफलता के लिए प्रेरित किया गया।
