शिवगंज में घांची समाज ने दोनों प्रमुख दलों से मांगे 3-3 टिकट, नहीं मिलने पर विरोध का निर्णय

Spread the love

शिवगंज।(ओम प्रकाश परिहार) नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर घांची समाज ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी दावेदारी तेज कर दी है। छावणी क्षेत्र स्थित घांची समाज धर्मशाला में समाज के प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित हुई। इसमें शिवगंज नगर पालिका के 35 वार्डों में समाज की जनसंख्या और प्रभाव के आधार पर योग्य प्रत्याशियों को टिकट देने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से कम से कम 3-3 टिकट देने की मांग उठाई गई।

बैठक में समाजबंधुओं ने कहा कि शिवगंज शहर के विभिन्न वार्डों में घांची समाज की पर्याप्त संख्या है। इसके बावजूद चुनावों में समाज को उसकी जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में आगामी नगर पालिका चुनाव में दोनों प्रमुख दलों को टिकट वितरण के दौरान समाज की दावेदारी को ध्यान में रखना चाहिए।

35 वार्डों में राजनीतिक भागीदारी पर चर्चा

समाज की बैठक में नगर पालिका के सभी 35 वार्डों की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा की गई। समाज के लोगों ने कहा कि जिन वार्डों में घांची समाज की अच्छी संख्या है, वहां समाज के स्थानीय, सक्रिय और जीत की संभावना रखने वाले कार्यकर्ताओं को टिकट दिया जाना चाहिए। बैठक में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के समक्ष कम से कम 3-3 टिकट की मांग रखने पर सहमति बनी। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में राज्य मंत्री अाेटाराम देवासी को भी अवगत कराया जा चुका है। अब राजनीतिक दलों के स्तर पर टिकट वितरण में समाज की मांग को कितना महत्व दिया जाता है, इस पर समाज की नजर रहेगी।

मांग पूरी नहीं हुई तो विरोध का निर्णय

बैठक में मौजूद समाज के प्रबुद्धजनों ने स्पष्ट किया कि घांची समाज लंबे समय से दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ जुड़कर चुनावों में अपनी भूमिका निभाता रहा है। इसके बावजूद यदि टिकट वितरण में समाज की उपेक्षा की गई तो समाज स्तर पर इसका विरोध किया जाएगा। बैठक में यह भी कहा गया कि यदि समाज की मांग के अनुरूप दोनों दलों की ओर से टिकट नहीं दिए जाते हैं तो संबंधित पार्टी के पक्ष में मतदान नहीं करने को लेकर सामूहिक निर्णय लिया जा सकता है। समाज के लोगों ने राजनीतिक दलों से मांग की कि टिकट वितरण में सामाजिक प्रतिनिधित्व, स्थानीय जनसंख्या और प्रत्याशी की जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए घांची समाज को उचित भागीदारी दी जाए। बैठक में समाज के पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। चुनाव की घोषणा और टिकट वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ शिवगंज में घांची समाज की यह राजनीतिक दावेदारी स्थानीय चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

a1khabarfast
Author: a1khabarfast

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *