शिवगंज / राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर लायंस क्लब शिवगंज–सुमेरपुर द्वारा क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट का सम्मान कर उनके समाज के प्रति अतुलनीय योगदान का अभिनंदन किया गया।

क्लब सदस्यों ने डॉ. युधिष्ठिर राठी, डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. माणकचंद जैन, डॉ. जितेंद्र गोयल तथा सीए मुकेश कुमार के कार्यस्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण, सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान क्लब पदाधिकारियों ने चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सक जहां अपने ज्ञान, अनुभव और समर्पण से मानव जीवन की रक्षा कर समाज को स्वस्थ रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट देश की आर्थिक व्यवस्था को पारदर्शी, सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण के सच्चे सहभागी हैं।
क्लब अध्यक्ष माधव दवे ने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले इन सेवा-समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। लायंस क्लब सदैव सेवा, सम्मान और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में क्लब सचिव सीए मुकेश परमार, कोषाध्यक्ष अमित शर्मा, जोन चेयरमैन दीपक बंसल, नरेन्द्र जैन, डॉ. रवि शर्मा, हीरालाल पालीवाल, अनिल जैन, पंकज अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल एवं अशोक अग्रवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने सम्मानित चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
