शिवगंज। मंगलवार को सुभाष नगर स्थित राजकीय सार्वजनिक पंचायत समिति पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष सोमप्रसाद साहिल 39 वर्ष की राजकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। साहिल के स्वागत में नगर के प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में पहुंचे और उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।

पुस्तकालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सीबीईओ जब्बर सिंह राव ने साहिल की सेवाओं को सराहनीय बताया। प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने कहा कि राजकीय सेवा के साथ-साथ विभिन्न शैक्षिक, सहशैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में भी साहिल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

भावुक होकर साहिल ने कहा कि उनके जीवन का लंबा समय इस पुस्तकालय में बीता है। उन्होंने कहा कि, मैं अपने छात्र जीवन से इस पुस्तकालय का पाठक रहा हूं। तभी मन में संकल्प लिया था कि मुझे इन्हीं पुस्तकों के बीच रहना है। इसे संयोग कहें या मेरी इच्छाशक्ति, मैं पुस्तकालयाध्यक्ष बना। चार वर्ष विद्यालय में सेवा देने के बाद इसी पुस्तकालय में नियुक्ति मिली और अब यहीं से सेवानिवृत्त हो रहा हूं। इस पुस्तकालय से मेरी अनगिनत यादें जुड़ी हुई हैं, जो जीवनभर मेरे साथ रहेंगी। नगर के प्रबुद्धजनों का मुझे सदैव भरपूर सहयोग मिला, जिसके लिए मैं सभी का आभारी हूं।एसीबीओ महेंद्र सिंह राव ने, साहिल के साहित्यिक व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा ने उनके साथ बिताए बचपन के संस्मरण साझा किए। पुस्तकालयाध्यक्ष प्रदीप सिंह राठौड़ ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
विदाई समारोह में पुस्तकालय के पाठक तथा एक व्यक्ति एक पौधा मिशन राजस्थान के संस्थापक एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने साहिल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका इस पुस्तकालय से छात्र जीवन से ही गहरा जुड़ाव रहा है, जो आज भी निरंतर बना हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद साहिल पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान देंगे। इस अवसर पर साहिल का पौधा एवं नवाचार के रूप में अतिथियों को गौरैया हाउस भेंट कर सम्मान किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही सभी से पर्यावरण जागरूकता अभियान से जुड़कर सीड बॉल दूत बनने और अधिक से अधिक सहभागिता निभाने की अपील की गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन भरत रावल ने किया। समारोह में गजानन सनातन धर्म मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश पुरी गोस्वामी, पूर्व अध्यक्ष हीरालाल पालीवाल, देवराज अग्रवाल, समाजसेवी सिद्धार्थ भंडारी, एस.पी. शर्मा, सीए चेतन अरोड़ा, छगनलाल सुथार, माधवदत्त दवे, होमगार्ड पुखराज मीणा, अमृतलाल परिहार, पुस्तकालय पाठक रमेश माली, मनीषा सुथार, राहुल देवासी, नरेंद्र नेतरा, तरुण परिहार, अर्जुन छीपा, केतन सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
