शिवगंज / माधव दत्त दवे ने अध्यक्ष, सीए मुकेश परमार ने सचिव एवं अमित शर्मा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली*
लायंस क्लब शिवगंज–सुमेरपुर का 49वां पदस्थापना समारोह स्थानीय होटल में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस वर्ष समारोह को रामायण थीम पर आयोजित किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सेवा, संस्कार एवं समर्पण का संदेश दिया गया। रामायण के विभिन्न पात्रों की आकर्षक प्रस्तुति ने समारोह को विशेष एवं यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं लायन्स इंटरनेशनल के संस्थापक मेल्विन जोन्स के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का माल्यार्पण, राजस्थानी साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह में पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन एवं पूर्व प्रांतपाल लायन अविनाश शर्मा ने पदस्थापना अधिकारी के रूप में नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा एवं सेवा भाव को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि प्रथम उपप्रांतपाल लायन सी.पी. विजयवर्गीय ने कहा कि लायंस क्लब सेवा, नेतृत्व एवं मानवता का सशक्त मंच है। नई कार्यकारिणी निश्चित रूप से समाजहित में उत्कृष्ट कार्य कर क्लब को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएगी।
विशिष्ट अतिथि रीजन चेयरपर्सन लायन भगवान अग्रवाल एवं जोन चेयरपर्सन लायन दीपक बंसल ने नवदायित्व संभालने वाली टीम को शुभकामनाएं देते हुए सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लायन माधव दत्त दवे ने अध्यक्ष, सीए लायन मुकेश परमार ने सचिव तथा लायन अमित शर्मा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान माइक्रो कैबिनेट सदस्य लायन योगेश पटवा ने मेल्विन जोन्स फेलो (एम.जे.एफ.) बनने की घोषणा करते हुए क्लब को आर्थिक सहयोग प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
समारोह में लायंस क्लब एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए लायन डॉ. रवि शर्मा एवं लायन पंकज कुमार अग्रवाल को लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशंसा प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन माधव दत्त दवे ने अपने उद्बोधन में कहा कि आगामी लायनिस्टिक वर्ष में क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, नेत्र चिकित्सा, युवा सशक्तिकरण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी सेवा प्रकल्पों को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से क्लब को सेवा के नए आयामों तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन लायन नरेंद्र जैन, लायन डॉ. रवि शर्मा एवं लायन पंकज कुमार अग्रवाल ने किया। मंच संचालन के साथ अतिथियों का परिचय भी प्रभावी ढंग से कराया गया। समारोह में क्लब के पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, विभिन्न क्लबों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सचिव सीए मुकेश परमार ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा सभी ने स्नेहभोज के साथ एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
