संतोषी नगर में बछड़े का कटा सिर मिलने का मामला, पुलिस ने तेज की जांच, कई टीमें गठित

Spread the love

शिवगंज। शहर के संतोषी नगर क्षेत्र में विगत 28 अप्रैल की सुबह गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी हैं। पुलिस विभिन्न स्त्रोतों से इस घटना का राजफाश करने में जुटी हुई हैं। इसके लिए टीमें गठित की गई हैं,जो निरन्तर जांच में जुटी हुई हैं।

थाना अधिकारी बाबूलाल राणा ने बताया कि 28 अप्रैल की सुबह सूचना मिलने पर पुलिस में जाब्ता मौके पर पहुंची तथा बछड़े के सिर को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में महिपाल रावल की रिपोर्ट पर मुकदमा बीएनएस की धाराओं एवं राजस्थान गोवंश अधिनियम में दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह एवं वृत्ताधिकारी पुष्पेंद्र वर्मा के निर्देशन में जांच तेज कर दी गई है। थाना अधिकारी राणा ने बताया कि उनके नेतृत्व में विशेष टीमें गठित कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई है।

राणा ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सभी मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। वहीं, बछड़े के धड़ की तलाश के लिए जवाई नदी क्षेत्र में ड्रोन कैमरे की सहायता से सघन सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने पैदल तलाशी भी ली और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा नगरपालिका कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार खोजबीन जारी है। कस्बे में स्थित मीट की दुकानों पर एक साथ दबिश देने के लिए शिवगंज और पालड़ी एम थानों की संयुक्त 18 टीमें बनाई गईं, जिन्होंने दुकानों की जांच कर फोटो-वीडियोग्राफी की तथा लाइसेंसों का सत्यापन किया।

राणा ने बताया कि पुलिस जर्सी नस्ल की गाय रखने वाले पशुपालकों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि बछड़े की पहचान हो सके। थाने स्तर पर चार अलग-अलग टीमें खुलकर और गुप्त रूप से जांच में जुटी हुई हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

a1khabarfast
Author: a1khabarfast

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *