सेवा, समर्पण और मानवता का सम्मान: डॉ. पंकज राज मेवाड़ा को मिला प्राइड ऑफ मारवाड़ अवार्ड-2026

Spread the love

सुमेरपुर | समाज सेवा, मानवता और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवी डॉ. पंकज राज मेवाड़ा को सहयोग भारती फाउंडेशन राजस्थान द्वारा आयोजित “प्राइड ऑफ मारवाड़ अवार्ड-2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान, दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण तथा निरंतर मानवीय सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

जोधपुर स्थित जीएस गार्डन रिसोर्ट में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की 20 चुनिंदा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने डॉ. मेवाड़ा के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। डॉ. मेवाड़ा लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, जरूरतमंदों की सहायता करने, रक्तदान जागरूकता फैलाने, नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित करने तथा आदिवासी क्षेत्रों में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है। मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे अब तक 38 बार रक्तदान कर चुके हैं तथा देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर चुके हैं। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया में नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हुए उन्होंने अनेक खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया और उनमें आत्मविश्वास का संचार किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मेवाड़ा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों का है, जिनके सहयोग और विश्वास से सेवा कार्यों को निरंतर गति मिलती रही है। उन्होंने भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सम्मानित प्रतिभाओं का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

a1khabarfast
Author: a1khabarfast

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *