38 बार रक्तदान, 2000 से अधिक नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन में सहयोग…डॉ. पंकज राज मेवाड़ा होंगे ‘प्राइड ऑफ मारवाड़ अवार्ड 2026’ से सम्मानित

Spread the love

सुमेरपुर। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे समाजसेवी डॉ. पंकज राज मेवाड़ा का चयन सहयोग भारती फाउंडेशन, राजस्थान की ओर से दिए जाने वाले “प्राइड ऑफ मारवाड़ अवार्ड 2026” के लिए किया गया है। उन्हें यह सम्मान समाज एवं अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। डॉ. मेवाड़ा वर्षों से दिव्यांगजन सेवा, रक्तदान जागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता, आदिवासी क्षेत्रों में सेवा कार्य, निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर एवं सामाजिक जनकल्याण के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अब तक 38 बार रक्तदान किया है। साथ ही तारा संस्थान उदयपुर के माध्यम से 2000 से अधिक मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन करवाने में सहयोग कर मानव सेवा का संदेश दिया है। उन्होंने देहदान का संकल्प लेकर समाज में प्रेरणास्रोत बनने का कार्य भी किया है। वे डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन के रूप में दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा सुमेरपुर के चार्टर अध्यक्ष एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से लगातार सेवा कार्य कर रहे हैं। सहयोग भारती फाउंडेशन राजस्थान के अध्यक्ष जयंत माथुर ने बताया कि 30 मई 2026 को जोधपुर में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. पंकज राज मेवाड़ा को “प्राइड ऑफ मारवाड़ अवार्ड 2026” से सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नवभारत सेवा ट्रस्ट एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. मेवाड़ा को शुभकामनाएं दी हैं।

a1khabarfast
Author: a1khabarfast

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *