सुमेरपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम कानपुरा की कोरटा सड़क पर आए शनिश्चर मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का समापन बुधवार रात को भजन संध्या के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ। रात 9 बजे भजन संध्या का शुभारंभ गणपति वंदना के साथ किया। इसके पहले न्याय देवता शनिश्चर की आरती व पूजा अर्चना की गई और जयकारों के बीच मंदिर पर ध्वजा चढ़ाई। भजन संध्या में मनीषा वैष्णव एंड पार्टी के गायक कलाकारों ने देर रात तक भजनों की प्रस्तुतियां दी। वहीं नृत्य कलाकार प्रियंका देवासी ने भजनों के साथ नृत्य कला का प्रदर्शन किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। कई धर्म प्रेमियों ने भजनों पर अपने पैर भी थिरकाए।

भजन संध्या के कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट की ओर से 45 भामाशाहों का साफा और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। सुबह 8.45 बजे ध्वजा लाभार्थी किशन भारती ने गाजे-बाजे और जयकारों के बीच मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई। महिलाओं ने बैंड की धुन पर नृत्य किया और महिलाओं ने मंगल गीत गाए। सुबह 10.30 बजे मंदिर में लापसी की प्रसादी वितरण की गई। कार्यक्रम में वर्ष 2027 के लिए चढ़ावों की बोलियां लगवाई गई। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष हस्तीमल सुथार ने बताया कि चढ़ावे की बोलियां लगाने और सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों का स्वागत किया। संस्थान पदाधिकारियों ने ट्रस्ट को भूमिदान, आर्थिक सहयोग और नकद राशि देने वाले भामाशाहों का सम्मान किया। महोत्सव में संस्थान के उपाध्यक्ष किशन भारती, मंत्री बाबूलाल परिहार, कोषाध्यक्ष मांगु भारती, हिम्मत मल देवड़ा, प्रकाश गहलोत, कूका राम गहलोत,दीवान भारती, पूर्व सरपंच कानाराम परिहार, प्रकाश गर्ग, प्रताप सिंह, लक्ष्मण भारती,किरण भारती, मंगल भारती, महेंद्र कुमार, भंवर लाल, दिनेश भारती सहित कई लोग मौजूद रहे। मंच संचालन बाबूलाल माली ने किया।
