शिवगंज। शहर के व्यस्त होली चौक स्थित ज्वैलरी बाजार में 80 वर्षीय ज्वैलर्स व्यापारी से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल था, जिसे पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने काफी हद तक शांत कर दिया। गिरफ्तारी के बाद व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए जिंदाबाद के नारे लगाए।

दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार छीपावास निवासी हिम्मतमल सोनी (80) ने 14 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे सुबह करीब 11 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने आभूषणों से भरा बैग दुकान के बाहर रखा ही था कि मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों में से एक युवक बैग उठाकर साथी के साथ फरार हो गया। बैग में करीब 4 किलो चांदी के आभूषण, 30 ग्राम सोना और 35-40 हजार रुपए नकद थे।

सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने सादी वर्दी में उनका पीछा किया और पिंडवाड़ा क्षेत्र के आसपास से दोनों को फिल्मी अंदाज में पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, जिससे वे चोटिल भी हो गए।
दोनों आरोपी आबूरोड क्षेत्र के निवासी
पुलिस ने धर्मेन्द्र (33) निवासी चनार हाल उमरनी और सुखदेव (21) निवासी उमरनी, थाना आबूरोड सदर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। मुख्य आरोपी धर्मेन्द्र का पूर्व में आबकारी तस्करी से जुड़ा आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
पांच दिन तक की रैकी, फिर दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि धर्मेन्द्र क्षेत्र से परिचित था और उसका यहां आना-जाना था। उसने वृद्ध व्यापारी को आसान निशाना मानते हुए करीब पांच दिन तक उनकी गतिविधियों की रैकी की और साथी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से लूट को अंजाम दिया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह चौहान एवं उप अधीक्षक पुष्पेन्द्र वर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी बाबूलाल राणा के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल भीमसिंह, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, महेन्द्र कुमार, वीरेन्द्र सिंह (वृत कार्यालय), जसाराम, लेखराज, टेकाराम, सुभाष (पुलिस थाना आबूरोड सदर), अभयसिंह व लोकेश कुमार (पुलिस थाना पिण्डवाड़ा) की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर सेल सिरोही प्रभारी भवानीसिंह व उनकी टीम का भी विशेष योगदान रहा।
व्यापारियों का आक्रोश, फिर राहत
घटना के बाद सर्राफा व्यापारियों में भारी आक्रोश था और उन्होंने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया था। त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी से व्यापारियों ने राहत की सांस ली।

मौके पर ले जाकर करवाई तस्दीक
- पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया और मौके पर ले जाकर तस्दीक करवाई। शिवगंज बाजार में वन-वे व्यवस्था और वाहनों पर रोक के कारण आरोपियों को पैदल ही घटनास्थल तक ले जाया गया। इस दौरान मौजूद व्यापारियों ने पुलिस की सराहना करते हुए आभार जताया।
