राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में ऑनलाइन प्रवेश प्रारंभकाॅलेज शिक्षा विभाग ने जारी की नई प्रवेश नीति

Spread the love

शिवगंज /आयुक्तालय काॅलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा अकादमिक सत्र 2026-27 के लिए नवीन प्रवेश नीति जारी की गई है और इसी के साथ राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। राजकीय महाविद्यालय, शिवगंज प्राचार्य डाॅ. रवि शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय के कला संकाय की 400 सीटों, वाणिज्य संकाय की 200 सीटों और विज्ञान संकाय की 176 सीटों (जीव विज्ञान और गणित में प्रत्येक में 88) पर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु आज दिनांक 1 मई से ऑनलाइन प्रवेश फाॅर्म भरना प्रारंभ हो गया है। इसी तरह राजकीय कन्या महाविद्यालय शिवगंज और राजकीय महाविद्यालय, कैलाशनगर में कला संकाय की 200 सीटों पर किसी भी सक्षम शिक्षा बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी काॅलेज में प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु 15 मई तक ईमित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कला संकाय में उपलब्ध विषयों में से प्राथमिकता का ध्यान रखते हुए किन्हीं तीन विषयों का चयन करना होगा।

स्नातक प्रवेश नोडल अधिकारी डाॅ. भूपेश डी. वर्मा ने बताया कि प्रवेश हेतु प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन महाविद्यालय प्रवेश समितियों द्वारा 19 मई तक किया जाएगा, जिसके उपरान्त 20 मई को अंतरिम वरीयता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मेरिट लिस्ट और प्रतीक्षा सूची में आने वाले अभ्यर्थी 20 से 25 मई तक दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन महाविद्यालय में उपस्थित होकर कराएंगे जिसके उपरान्त उन्हें ईमित्र पर जाकर फीस जमा करानी होगी। प्रवेश सूची का प्रकाशन 29 मई को किया जाएगा। इसके उपरान्त भी यदि सीटें रिक्त रह जाती हैं तो श्रेणीवार नवीन आवेदन 29 मई से आमंत्रित किए जाएंगे। सम्पूर्ण प्रक्रिया जून माह के अन्त तक सम्पन्न कर ली जाएगी और 1 जुलाई से नवीन शैक्षणिक सत्र की नियमित कक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी।अभ्यर्थियों को डिजी लाॅकर या इंटरनेट मार्कशीट से भी आवेदन करने का अवसर प्रदान किया है। इसके अतिरिक्त 12 वीं कक्षा के बाद अंतराल होने पर शपथ पत्र प्रस्तुत करने की बाध्यता को भी समाप्त कर दिया गया है। प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना ऑनलाइन आवेदन करते समय अपने समस्त मूल दस्तावेज अपने साथ रखें तथा अपनी पूरी निगरानी में उन्हें अपलोड करवाने के बाद ही ईमित्र संचालक को आवेदन सब्मिट करने हेतु कहेें। आवेदन करते समय मोबाइल नम्बर और ईमेल भी स्पष्ट रूप से अंकित करें जिससे की सूचना सम्प्रेषण में सुगमता रहे। अन्य पिछडा वर्ग, विशेष पिछडा वर्ग और आर्थिक पिछडा वर्ग के अभ्यर्थियों को हिदायत दी गई है कि ऑनलाइन आवेदन करने के पूर्व वे अपने संबंधित प्रमाण पत्रों को अद्यतन करवा लेवें। इसी तरह बोनस अंक का लाभ लेने के लिए वांछित दस्तावेज भी ऑनलाइन आवेदन के साथ ही प्रस्तुत करना अनिवार्य है। फाॅर्म भर देने के बाद इसकी हार्ड काॅपी जमा कराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन मेरिट लिस्ट या प्रतीक्षा सूची में नाम आने पर प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

राजकीय महाविद्यालय, शिवगंज के अन्तर्गत संचालित राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिवगंज के लिए प्रो. नरपत सिंह देवडा को महाविद्यालय प्रभारी और कैलाश चन्द्र परमार को प्रवेश नोडल अधिकारी, तथा राजकीय महाविद्यालय, कैलाशनगर के लिए प्रो. परिहार उर्मिला मूलचंद को महाविद्यालय प्रभारी और अनिल कुमार मीणा को प्रवेश नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रवेश संबंधी किसी भी तरह की पूछताछ कार्यालय समय में तीनों महाविद्यालयों की प्रवेश समिति से प्राप्त की जा सकती है।

a1khabarfast
Author: a1khabarfast

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *