बड़गांव। शिवगंज पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत एक व्यक्ति एक पौधा मिशन राजस्थान की ओर से सरपंच पौधा-रस्म सम्मान कार्यक्रम ग्राम पंचायत बड़गांव में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय पर्यावरण ब्रांड एंबेसडर एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने ग्राम पंचायत बड़गांव के नवनिर्वाचित सरपंच राजेन्द्र सिंह राणावत को पौधा एवं गौमाता की तस्वीर भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान भरत कुमार वस्तीमल ओटावट, स्व. श्रवण कुमार परिहार एवं सेवानिवृत्त उप वन संरक्षक प्रकाश चंद्र कुमावत की ओर से 21 पौधों का वितरण किया गया। पौधा-रस्म के माध्यम से ग्रामीणों को अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
सरपंच राजेन्द्र सिंह राणावत ने विश्वास दिलाया कि ग्राम पंचायत स्तर पर राष्ट्रीय पर्यावरण ब्रांड एंबेसडर एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत की प्रेरणा से पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर लक्ष्मण कुमार ने प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का संदेश देते हुए ग्रामीणों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
ग्रामवासियों ने एक व्यक्ति एक पौधा मिशन राजस्थान की इस पहल की सराहना की। मिशन द्वारा गांव-गांव में सरपंच पौधा-रस्म सम्मान कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनप्रतिनिधियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर ग्राम पंचायतों में हरित विकास को बढ़ावा दिया जा सके।
आओ, मिलकर धरती का श्रृंगार करें और हर गांव को हरित एवं प्लास्टिक मुक्त बनाएं।
