शिवगंज /आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत महाराव शेखाजी क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, बनी पार्क, जयपुर द्वारा राजीव गांधी भवन (टाउन हॉल), नगरपालिका शिवगंज में आयोजित निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया शिविर में कुल 217 लोगों ने निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं आयुर्वेदिक औषधियों का लाभ लिया

शिविर में आयुर्वेद विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां प्रदान की गईं। इस दौरान रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं हिमोग्लोबिन की जांच भी निःशुल्क की गई

शिविर के सफल आयोजन में नगरपालिका अध्यक्ष श्री कुन्दनमल अग्रवाल एवं अधिशासी अधिकारी श्री आसकरण सिंह राठौड़ का विशेष सहयोग रहा। उनके सहयोग एवं समन्वय से क्षेत्र के नागरिकों को शिविर की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का सुगमता से लाभ प्राप्त हुआ
शिविर का संचालन डॉ. बी.आर. मीणा, सहायक निदेशक प्रभारी, डॉ. ए.के. जैन, मुख्य अन्वेषक एवं डॉ. भुवनेश कुमार शर्मा, सह-अन्वेषक के मार्गदर्शन में किया गया
इस अवसर पर आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. रोहित शर्मा एवं डॉ. कमलेश सैनी ने मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ शरद ऋतु में उपयोगी आहार-विहार, उदर रोगों में संतुलित आहार, नियमित योग एवं आयुर्वेदिक दिनचर्या के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। चिकित्सकों ने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे आयुर्वेदिक उपायों को अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया
शिविर के सफल संचालन में चंदन टेलर, बृज किशोर कुशवाह एवं गोविन्द कुमार का विशेष सहयोग रहा। संस्थान की ओर से शिविर में पहुंचे सभी नागरिकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा आमजन तक आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए ऐसे शिविरों के आयोजन को निरंतर जारी रखने की बात कही गई
