शिवगंज में डॉक्टर दिवस व सीए दिवस के पावन अवसर पर शिवगंज जिला अस्पताल में “एक व्यक्ति एक पौधा” मिशन ने डॉक्टरों को तुलसी के पौधे भेंट कर एक अभिनव “तुलसी सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य हमारे स्वास्थ्य रक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत, सीए चेतन अरोड़ा और युवा समाज सेवी अशोक माली ने जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. अखिलेश पुरोहित को तुलसी का पौधा देकर पर्यावरण चेतना का संदेश दिया। डॉक्टर दिवस पर डॉ. माणक जैन, डॉ. वीणा सोलंकी, डॉ. तृप्ति मीणा, डॉ. नारायण पटेल और डॉ. वीरेंद्र भंडारी (सुमेरपुर) जैसे चिकित्सकों को भी तुलसी भेंट की गई। इस दौरान मरीजों और अन्य उपस्थित लोगों को तुलसी के औषधीय गुणों और महत्व से अवगत कराया गया। डॉ. अखिलेश पुरोहित ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक अद्वितीय कदम बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि तुलसी का पौधा औषधीय गुणों से भरपूर है और हर व्यक्ति को अपने घर में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए। इसी क्रम में राजेश कुमार मालवीया ने डॉ देवल पटेल को पौधा गिफ्ट कर पौधा -रस्म की जानकारी दी। पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने बताया कि यह मिशन 1 जुलाई से 7 जुलाई तक राष्ट्रीय वृक्ष दिवस मनाएगा, जिसमें स्वयंसेवकों को वृक्षारोपण और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। यह पहल दर्शाती है कि कैसे हम अपने समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ा सकते हैं। आइए, हम भी इस नेक कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। शुभारंभ के तौर पर केरलेश्वर महादेव मंदिर में गायत्री मंत्रो के साथ मीठा नीम का पौधा रोपित किया गया उसके संरक्षण की जिम्मेदारी चुन्नीलाल, मुरलीधरजी ने ली।
डॉक्टरों का सम्मान,पर्यावरण जागरूकता कि अनुठी पहल डॉ अखिलेश पुरोहित
