शिवगंज। आखरिया चौक स्थित सारणेश्वर महादेव मंदिर परिसर में, महा शिवरात्रि के पावन अवसर पर आज सोमवार से, आंठ दिवसीय शिव महापुराण कथा का शुभारम्भ, कलश यात्रा के साथ सम्पन्न हुआ। श्री सारणेश्वर महादेव सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कलश यात्रा सुबह 10 बजे गौशाला से रवाना होकर सारणेश्वर मंदिर कथा पंडाल पहुंची।

वृन्दावन से आए पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ कलश कुंवारी कन्याओं और महिलाओं के सिर पर धारण करवाए। लाल चूनरी ओढ़े महिलाएं उल्लासित नजर आई। कथा समिति के संयोजक माणक प्रजापत ने बताया कि, श्री धाम वृन्दावन के सुविख्यात कथा वाचक पंडित कमलकांत पाराशर महाराज, सदानंद महाराज और अन्य पंडितगण कलश यात्रा में रथ पर सवार थे। कथा समिति प्रवक्ता सोमप्रसाद साहिल से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिव महापुराण पोथी को अपने सिर पर धारण कर कपूरचंद प्रजापत कलश यात्रा के आगे- आगे चल रहे थे। ढोल ताशों और डीजे की धमचक के साथ थिरकते युवा कलश यात्रा में आनन्द ले रहे थे। गौशाला मंत्री डॉ रवि शर्मा ने कलश यात्रा की रवानगी के समय उपस्थित रह कर समिति का प्रतिनिधित्व किया। प्रथम दिवस की, शिव महापुराण कथा संकीर्तन के साथ शुरू हुई, जिसमें धर्मप्रेमी जन समुदाय मौजूद था। महिलाओं की अपार भीड़ की उपस्थिति महा शिवपुराण कथा की सफलता बता रही थी। कलश यात्रा में संस्थान के उपाध्यक्ष गेनाराम देवासी, नारायण लाल घांची, कोषाध्यक्ष पूनम सिंह पंवार, अशोक अग्रवाल, अल्पेश माली, दिनेश परिहार, नारायण देवासी, रमेश प्रजापत, कानाराम, चम्पा लाल, कैलाश प्रजापत, दूदाराम, भंवर लाल, हजारी मल लोहार आदि व्यवस्था संभाल रहे थे।
